29 वर्षों की सेवा के बाद आज लौटेंगे सूबेदार एस. के. पाटील
बैतूल। भारतीय सेना के वीर सपूत, सूबेदार एस. के. पाटील, 29 वर्षों तक भारतीय सेना के ई. एम. ई कोर में देश की सेवा के बाद अब सेवा निवृत्ति के बाद अपने गृह नगर बैतूल लौट रहे हैं। इस ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण को नगरवासियों ने बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाने की तैयारी की है। आज, 1 सितंबर 2024 को, सूबेदार पाटील का भव्य स्वागत दोपहर 12 बजे बैतूल रेलवे स्टेशन पर होगा, जहां से उनका चल समारोह शुरू होगा। यह वह क्षण होगा जब पूरे नगर की आंखों में गर्व और दिलों में देशभक्ति की भावना उमड़ेगी। सूबेदार एस. के. पाटील ने अपनी सेवाकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण अभियानों में हिस्सा लिया और अपनी वीरता से देश का मान बढ़ाया। अब, जब वह सेवानिवृत्त होकर बैतूल लौट रहे हैं, तो नगरवासियों के लिए यह एक गर्व का क्षण है। दोपहर 2 बजे पूर्व सैनिक संघ द्वारा कारगिल चौक पर आयोजित कार्यक्रम और सलामी के बाद सूबेदार पाटील निज निवास गौठाना बैतूल पहुंचेंगे, जहां उनके परिवार और मित्रों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा।
