दीपक कुमार बरथे
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर भोपाल में फूंका पुतला, मोर्चा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में किया पुतला दहन
– भ्रष्टाचार और नैतिक पतन का प्रतीक है नेशनल हेराल्ड में भ्रष्टाचार का मामला
– श्री वैभव पंवार
भोपाल, 17/04/2025
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री वैभव पंवार के नेतृत्व में गुरूवार को नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर भोपाल में रेडक्रॉस अस्पताल के सामने प्रदर्शन कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। भाजपा युवा मोर्चा द्वारा इस मामले को लेकर प्रदेश भर में प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला फूंका गया। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री वैभव पवार ने कहा कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण महज एक आर्थिक घोटाला नहीं, बल्कि यह नैतिक पतन, सार्वजनिक संपत्ति की लूट और वंशवाद की पराकाष्ठा का ज्वलंत उदाहरण है। यह वही कांग्रेस पार्टी है, जिसने स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा दान की गई संपत्तियों को एक परिवार की निजी जागीर में बदल दिया। गांधी परिवार ने संस्थाओं को जनता की सेवा के लिए नहीं, बल्कि उन्हें एक रियल एस्टेट कंपनी में परिवर्तित कर निजी लाभ के लिए इस्तेमाल किया।
कांग्रेस ने सार्वजनिक संस्थाओं पर सीधा हमला किया
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री वैभव पंवार ने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी और राहुल गांधी के शेयर होल्डर वाली यंग इंडिया कंपनी को केवल 50 लाख के मामूली निवेश पर नेशनल हेराल्ड को संचालित करने वाली एसोसिएट जर्नल (एजेएल) जैसे बहुमूल्य कंपनी की संपत्तियों को कब्जा दिया गया। इस निर्णय से श्रीमती सोनिया गांधी और राहुल गांधी परिवार को दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, भोपाल और पटना जैसे प्रमुख शहरों में स्थित नेशनल हेराल्ड की अचल संपत्तियों का अधिकार प्राप्त हो गया। यह न केवल धोखाधड़ी है, बल्कि कांग्रेस पार्टी का सार्वजनिक संस्थाओं पर सीधा हमला भी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब कोई लोकतांत्रिक पार्टी नहीं रही, वह एक पारिवारिक उद्यम बन चुकी है। कांग्रेस का यह चेहरा ‘गांधी विकास मॉडल’ जैसा है, जहां पार्टी का पैसा निजी पूंजी बन जाता है। आज आवश्यकता है कि देश का युवा इस मानसिकता के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाएं।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रविंद्र यति, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रंजीत चौहान, प्रदेश मंत्री श्री कुलदीप सिंह राठौर, मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री अंकित गर्ग, प्रदेश आईटी व सोशल मीडिया प्रभारी श्री अंकित आर्य, जिला अध्यक्ष श्री अजय पाटीदार, भोपाल ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री प्रमोद सिंह सहित बड़ी संख्या में मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


